इतिहास की सबसे बड़ी 3934 अंकों की गिरावट, इस साल अब तक 15325 अंक गिरा

कोरोनावायरस फैलने का असर आज शेयर बाजार पर साफ दिखा। तेज गिरावट के साथ खुले बाजार में शुरुआती आधे घंटे के अंदर ही लोअर सर्किट लगाना पड़ा। हालांकि, 45 मिनट बाद बाजार में ट्रेडिंग फिर से शुरू हुई तो गिरावट और बढ़ गई। कारोबार कं अंत में सेंसेक्स 3934.72 अंक गिरकर 25,981.24 पर और निफ्टी 1,135.20 पॉइंट नीचे 7,610.25 पर बंद हुआ। यह सेंसेक्स के इतिहास की सबसे बड़ी गिरावट है। आज इंट्रा-डे के दौरान सेंसेक्स 4035 अंक लुढ़क गया था। इससे पहले 13 मार्च को भी बाजार में 3389 पॉइंट की गिरावट आई थी। 12 मार्च को बाजार 3204 अंक नीचे गिरा था। मार्च महीने में सेंसेक्स अब तक 12,316 अंक नीचे गिर चुका है। महीने के दौरान बाजार अब तक करीब 33.2% फीसदी गिर चुका है। वहीं, इस साल बाजार 15325 अंक गिर चुका है।


बाजार में गिरावट की 3 वजह 
1.
 कोरोनावायरस का संक्रमण फैलने की वजह से देश के कई राज्यों में 31 मार्च तक लॉकडाउन कर दिया गया है।
2. विदेशी निवेशक भारतीय बाजार से लगातार पैसा निकाल रहे हैं। करीब दो हफ्ते में वे 50,000 करोड़ रुपए के शेयर बेच चुके हैं।
3. कोरोनावायरस का संक्रमण फैलने के डर से दुनियाभर के बाजारों में गिरावट आ रही है। हॉन्गकॉन्ग के बाजार में 5% गिरावट देखी गई।